मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा को देंगे 295 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

341 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन, पोंड़ी (राछा) में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 14 जून को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) स्थित मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। मुख्यमंत्री जिले को कुल 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
159 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, उनमें जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्य शामिल हैं। इन कार्यों में पेयजल, सिंचाई, सड़क, भवन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख हैं, जिनसे जिले के हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
182 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 182 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण, गृह निर्माण मंडल, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई, पेयजल एवं शहरी-ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
विकास को मिलेगी नई गति
एक ही मंच से बड़ी संख्या में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।




