Chhattisgarhसुशासन तिहार

सुशासन तिहार में सामुदायिक पुलिसिंग को मिली नई मजबूती

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हेलमेट पहनकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, ‘उन्नयन’ पुस्तिका का किया विमोचन

युवाओं को खेलों से जोड़ने व सकारात्मक दिशा देने के लिए वितरित की गई वॉलीबॉल किट

रायपुर/कोंडागांव। सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में आयोजित समाधान शिविर में सामुदायिक पुलिसिंग, सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर पुलिस विभाग की जनहितकारी पहलों का अवलोकन किया और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

हेलमेट पहनकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में छह हितग्राहियों को हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं हेलमेट पहनकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया और दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेलमेट केवल एक सुरक्षा उपकरण नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण कवच है। यातायात नियमों का पालन कर हम स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

‘उन्नयन’ पुस्तिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोंडागांव पुलिस द्वारा तैयार की गई ‘उन्नयन’ पुस्तिका का विमोचन भी किया। यह पुस्तिका सामुदायिक पुलिसिंग, जनजागरूकता, पुनर्वास गतिविधियों और पुलिस विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा संवाद को मजबूत बनाने में ऐसे नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से वॉलीबॉल किट का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण करने के साथ-साथ युवाओं के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सुरक्षित और जागरूक समाज का संदेश

सुशासन तिहार के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शासन, प्रशासन और समाज के साझा प्रयासों से सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

Related Articles

Back to top button