
11वीं इंडो-नेपाल चैंपियनशिप 2026 में जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल, नेपाल के पोखरा में आयोजित हुई थी स्पर्धा
जांजगीर चाम्पा। नेपाल के पोखरा शहर में आयोजित 11वीं इंडो-नेपाल चैंपियनशिप 2026 में लायंस के पांच विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। 29 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
बैडमिंटन में सिल्वर और चेस में हासिल किया गोल्ड
प्रतियोगिता में लायंस स्कूल के विद्यार्थी मनीष कुमार शराफ ने चेस (शतरंज) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं बैडमिंटन खेल में ओम निर्मलकर, मौली शर्मा, कनीज़ फातिमा बक्शी और अंजलि कश्यप ने शानदार खेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता में कोच गौरव कटकवार का विशेष योगदान रहा।
ओवरऑल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ ने मारी बाजी
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूरे भारत से 216 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें अकेले छत्तीसगढ़ से 55 खिलाड़ी शामिल हुए। विभिन्न खेल स्पर्धाओं को मिलाकर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने 43 गोल्ड और 12 सिल्वर मेडल प्राप्त किए, जिससे ओवरऑल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को अवार्ड दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
विद्यार्थियों की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर लायंस स्कूल के चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन, लायंस क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी एवं लायंस स्कूल के सचिव सीए लायन सुरेश कुमार अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




