जाँजगीर -चाँपा

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे: सांसद कमलेश जांगड़े

दिशा समिति की बैठक में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य व शिक्षा योजनाओं की समीक्षा


जांजगीर-चांपा। लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचना चाहिए। विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने पर जोर दिया गया। बालिका विद्यालयों में शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने, अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा दूरस्थ व घनी आबादी वाले क्षेत्रों में राशन दुकानों की संख्या बढ़ाने हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा के तहत अधिक से अधिक मजदूरी आधारित कार्य स्वीकृत कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
कृषि, विद्युत, स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों की समीक्षा में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद, फसल बीमा में समय पर पंजीयन व दावा निराकरण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में जिले के जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button