1 जुलाई से बदल जाएंगे कई बड़े नियम, LPG से आधार तक आपकी जेब पर पड़ेगा असर

एलपीजी कीमत, आधार अपडेट, क्रेडिट कार्ड नियम और कारों के दाम में बदलाव; नए महीने के साथ लागू होंगे नए नियम
🔴 Aaj Ki Baat News | नई दिल्ली
जून का महीना समाप्त होने वाला है और 1 जुलाई 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब, यात्रा, बैंकिंग और दैनिक जीवन पर पड़ सकता है। एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर आधार अपडेट, क्रेडिट कार्ड सुविधाओं और कारों की कीमतों तक कई नियम बदलने वाले हैं।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल विपणन कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हुई थी, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए थे।
हवाई यात्रा के किराए पर पड़ेगा असर
ऑयल कंपनियां एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की भी समीक्षा करेंगी। ATF महंगा होने पर एयरलाइंस की लागत बढ़ती है, जिससे हवाई टिकट महंगे हो सकते हैं। वहीं कीमत घटने पर यात्रियों को राहत मिल सकती है।
HDFC क्रेडिट कार्ड के नियम बदलेंगे
HDFC बैंक के रेगालिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए 1 जुलाई से नया नियम लागू होगा। अब घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा का लाभ लेने के लिए कार्डधारकों को पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये खर्च करना अनिवार्य होगा।
आधार में ईमेल अपडेट होगा मुफ्त
UIDAI ने आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत देते हुए ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा अगले छह माह तक मुफ्त करने का निर्णय लिया है। पहले इस सेवा के लिए शुल्क देना पड़ता था। इससे लाखों आधार धारकों को फायदा मिलेगा।
कार खरीदना पड़ेगा महंगा
जुलाई से नई कार खरीदने वालों को अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है। कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। किआ मोटर्स ने अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक वृद्धि का ऐलान किया है, जबकि टाटा मोटर्स भी अपने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी में है।
नए महीने में जेब पर रहेगा सीधा असर
विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई से लागू होने वाले ये बदलाव आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में लोगों को नए नियमों और संभावित खर्चों को ध्यान में रखकर अपनी वित्तीय योजना बनानी चाहिए।




