
देशभर के 23 लाख छात्रों पर असर, मामले की जांच अब CBI करेगी
National News | Education Desk। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका के बाद यह निर्णय लिया गया। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान में कई छात्रों के पास ऐसा हस्तलिखित “गेस पेपर” मिला, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में प्रश्न परीक्षा से पहले ही कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू समेत कई स्थानों से संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में कोचिंग नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है।
केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। एजेंसी अब पेपर लीक नेटवर्क, इसमें शामिल लोगों और पूरे रैकेट की गहन जांच करेगी।
इस परीक्षा में देशभर के करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और सूचना पर ही भरोसा करें।




