क्राइमसक्ती

सक्ती: जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 6 बाइक समेत 3.55 लाख की संपत्ति जब्त, 4 गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर की गई कार्रवाई में चार जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से छह मोटरसाइकिल, 5 हजार रुपये नकद और जुआ सामग्री जब्त की गई, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।

🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती

सक्ती जिले में अवैध जुआ, सट्टा, गांजा और शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस ने जुए के फड़ पर छापेमार कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 6 मोटरसाइकिल, 5 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश की एक गड्डी और अन्य सामग्री सहित कुल 3.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी भाग निकले, जबकि चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार

गिरफ्तार आरोपियों में धरमपाल सतनामी (अडभार), अजीत कुमार मिरी (बड़े देवगांव), घासीराम चंद्रा (करिगांव) एवं सोनू कुमार धोबी (सकर्रा) शामिल हैं। वहीं तीन आरोपी अपनी-अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

3.55 लाख की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद, 52 पत्ती ताश की एक गड्डी, एक प्लास्टिक बोरी तथा करीब 3.50 लाख रुपये कीमत की छह मोटरसाइकिलें जब्त कीं। कुल जब्ती की कीमत 3.55 लाख रुपये आंकी गई है।

जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानतीय अपराध होने के कारण नियमानुसार जमानत पर रिहा किया। आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई में उप निरीक्षक बिसोहन चंद्रा, प्रधान आरक्षक लालबहादुर चंद्रा, प्रधान आरक्षक अक्षय सारथी, आरक्षक तिलेश नेताम एवं आरक्षक प्रीतम सिदार का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button