Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

निवेश के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: अकलतरा पुलिस ने 30 करोड़ की ठगी का किया पर्दाफाश

शेयर मार्केट और रियल स्टेट में 15% मुनाफे का लालच देकर कई जिलों के लोगों से की गई करोड़ों की ठगी

जांजगीर चाम्पा। शेयर मार्केट और रियल स्टेट में निवेश के नाम पर लगभग 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2022–23 से अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा सहित आसपास के जिलों के लोगों को हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा देता था। आरोपी के विरुद्ध लगातार ठगी की शिकायतें सामने आने के बाद थाना अकलतरा में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

बेटी की शादी के लिए जुटाए पैसे भी हड़पे

मामले में प्रार्थी महेन्द्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जून 2024 में उसकी जान-पहचान के प्रमोद कुमार वैष्णव ने स्वयं को रियल स्टेट व शेयर मार्केट का कारोबारी बताया। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने अपने नाम से इकरारनामा तथा एचडीएफसी बैंक का 10 लाख रुपये का चेक दिया। प्रार्थी ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपये नगद आरोपी को सौंप दिए। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा और वह घर से फरार हो गया।

img 20260119 wa00453143889930553298178

कई पीड़ित आए सामने

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये तथा हीरा लाल कश्यप, निवासी चोरभट्टी से 5 लाख रुपये की ठगी की थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने शेयर मार्केट व रियल स्टेट के नाम पर 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये ठगे हैं। गवाहों के कथन दर्ज कर पुलिस ने चेक एवं इकरारनामे जब्त किए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं बिलासपुर जिलों में लगभग 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया।

img 20260119 wa00448118747712761643085

20 लाख की संपत्ति जब्त

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वेगनआर कार क्रमांक CG-11-M-8955 (कीमत लगभग 4 लाख रुपये), कार क्रमांक CG-11-B-5814 (कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये), यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-BL-3379 (पुत्र के नाम से) जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। अन्य अर्जित संपत्तियों, भूमि और मकान की जानकारी जुटाई जा रही है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव, पिता स्व. मोचन दास वैष्णव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जवाहर नगर अकलतरा के विरुद्ध धारा 420 भा.दं.सं. के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में आरोपी के अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि आगे की गिरफ्तारी के साथ इस बड़े ठगी नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा तथा थाना स्टाफ का योगदान सराहनीय रहा।

Related Articles

Back to top button