जाँजगीर -चाँपा

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

मेडिकल कॉलेज निर्माण की समीक्षा, पीएम आवास में पारदर्शिता और गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर रोक लगाने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों एवं प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।

मेडिकल कॉलेज निर्माण की समीक्षा
बैठक में जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य और उससे जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए फिलहाल जिला अस्पताल और लाइवलीहुड कॉलेज भवन का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए दोनों भवनों में आवश्यक मरम्मत और रिनोवेशन कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम आवास योजना में पारदर्शिता पर जोर
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।

आईआरएडी पोर्टल में दुर्घटनाओं की अनिवार्य एंट्री
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी जानकारी आईआरएडी पोर्टल में समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ सभी दुर्घटनाओं का डेटा पोर्टल में दर्ज करने को कहा गया।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती
बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति बनाए रखने और उनके व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को नियमित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जल संरक्षण और योजनाओं के प्रचार पर जोर
कलेक्टर ने जल संचय और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button