Chhattisgarhहादसा

छत्तीसगढ़ में दो बड़ी अग्निकांड की घटनाएं, दंतेवाड़ा में चलती कार जली, कोरबा में पटाखा गोदाम में भीषण आग

दंतेवाड़ा में गीदम-बीजापुर मार्ग पर चलती कार में अचानक आग लग गई, जबकि कोरबा के कटघोरा में पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग से लगातार धमाके होते रहे। दोनों घटनाओं में प्रशासन और दमकल विभाग ने मोर्चा संभाला।

🔴 Aaj Ki Baat News | दंतेवाड़ा/कोरबा

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और कोरबा जिलों में मंगलवार को आगजनी की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। दंतेवाड़ा में चलती कार अचानक आग की चपेट में आ गई, जबकि कोरबा में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से लगातार धमाके होते रहे।

दंतेवाड़ा में चलती कार बनी आग का गोला

दंतेवाड़ा जिले के गीदम-बीजापुर मार्ग पर गुमरगुंडा के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट आग लगने की संभावित वजह मानी जा रही है। घटना गीदम थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

कोरबा में पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग

वहीं कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित रामपुर में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। लगातार हो रहे धमाकों के कारण आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। देर शाम तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। दोनों घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं दमकल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button