अनंत चतुर्दशी पर भक्ति के रंग में रंगा ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल: श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष हुआ हवन, सुख-शांति का मांगा आशीर्वाद

डायरेक्टर, प्राचार्या समेत समस्त स्टाफ रहा मौजूद; विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य व कल्याण के लिए की गई मंगलकामना
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थापित भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान व श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना तथा हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ हवन
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित आचार्य राकेश तिवारी द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश जी का पूजन कराया तथा इसके पश्चात हवन संपन्न कराया। हवन के दौरान विद्यालय की सुख-समृद्धि, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के कल्याण तथा संस्था की निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामना की गई।
संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूती देते हैं आयोजन
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर, प्राचार्या, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, एडमिन स्टाफ एवं ग्रुप डी के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री गणेश जी की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और विद्यालय में सकारात्मक ऊर्जा, शांति एवं समृद्धि की कामना की। हवन की पूर्णाहुति के पश्चात सभी ने भगवान श्री गणेश जी से विद्यालय परिवार के कल्याण की प्रार्थना की। पूजा उपरांत संस्था के समस्त कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में भारतीय परंपराओं, संस्कारों एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।




