सेवा संकल्प अभियान: नगर पंचायत खरौद में चला विशेष सफाई अभियान, तालाब के संरक्षण के लिए नागरिकों ने बहाया पसीना

नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश्वर यादव और सीएमओ सत्यनारायण देवांगन रहे मौजूद; जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का दिया संदेश
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत निरंतर विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में नगर पंचायत खरौद में ‘सेवा ही संकल्प’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत प्रसिद्ध मिशिर तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया श्रमदान
अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने एकजुट होकर सामूहिक श्रमदान किया। सभी ने मिलकर मिशिर तालाब के जल स्रोत और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र की सघन साफ-सफाई की तथा कचरे का सुरक्षित निस्तारण किया। इस दौरान लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त रखने तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान
सफाई के साथ ही उपस्थित लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण एवं जल स्रोतों को होने वाले गंभीर नुकसान की जानकारी दी गई। नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश्वर यादव, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सत्यनारायण देवांगन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने अपने आसपास के जल स्रोतों और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।




