Chhattisgarh

जी राम जी अब सपना नहीं विकसित भारत का संकल्प है – भूपेन्द्र सवन्नी

जांजगीर चाम्पा। जी राम जी अब केवल सपना नहीं, बल्कि विकसित भारत का संकल्प है।” यह बात भाजपा विधानसभा प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने भाजपा कार्यालय जांजगीर में कही। वे पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की नई योजना ‘जी राम जी’ पूर्व में संचालित मनरेगा की तमाम विसंगतियों को दूर करने वाली एक उन्नत और प्रभावी योजना है। यह योजना भारत के वर्तमान विकास एजेंडे और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के गहरे संबंध को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप “विकसित भारत – जी राम जी विधेयक” दिसंबर 2025 में संसद में पारित हुआ। यह अधिनियम विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका योजना के रूप में लागू किया गया है, जो पुरानी मनरेगा योजना का आधुनिक और सशक्त संस्करण है।

सशक्त गांव, समृद्ध भारत का लक्ष्य

भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि ‘जी राम जी’ योजना का उद्देश्य ग्रामीण भारत में दीर्घकालिक एवं टिकाऊ रोजगार, आत्मनिर्भरता और आधुनिक शासन प्रणाली को स्थापित करना है, जिससे गांव सशक्त होंगे और देश समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र और सुशासन की अवधारणा पर आधारित है, जहां लक्ष्य है कि कोई भी गरीब या दुखी न रहे। यही रामराज्य की मूल भावना है।

सांस्कृतिक और आर्थिक एकता का प्रतीक

राम मंदिर के ध्वजारोहण (नवंबर 2025) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ‘राम से राष्ट्र’ की भावना को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ा गया है। ‘जी राम जी’ केवल एक योजना का नाम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत को विकसित बनाकर रामराज्य (न्याय और समृद्धि) के सपनों को साकार करने का माध्यम है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, लक्ष्मी देवांगन, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा, नवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष अर्चना देवांगन, आईटी सेल संयोजक अनिल शर्मा, मीरा पत्की, मोहन यादव, भुवनेश्वर साहु, सनत पांडेय, उमेश राठौर, मंडल अध्यक्ष हितेश यादव, संतोष थवाईत, समर्थ सिंह, विवेक सिंह, साकेत तिवारी, निरंजन कोसले, रामेश्वर पटेल, सनत पटेल, राकेश रूपवानी, नवीन राठौर, नारायण देवांगन, सुधीर झाझडिया, विवेक शर्मा, सोनू यादव, गोलू दुबे, प्रदीप राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button