कच्चे मकान की चिंता से मिली राहत, अब पक्के घर में चैन से रहेगा चमन लाल का परिवार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कराया गृह प्रवेश, योजनाओं से बदली परिवार की जिंदगी

पक्का आवास, सौर ऊर्जा और सरकारी योजनाओं का मिला संबल, बस्तर का पहला ऐसा पीएम आवास जहां लगा सोलर सिस्टम
रायपुर/कोंडागांव। कभी बारिश में टपकती छत, आंधी-तूफान का डर और कच्चे मकान की असुरक्षा से जूझने वाला चमन लाल पवार का परिवार अब पक्के घर की सुरक्षित छत के नीचे सम्मान और सुकून के साथ जीवन बिता रहा है। सुशासन तिहार के तहत कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही चमन लाल पवार के नए घर में सपरिवार गृह प्रवेश कराकर उनके वर्षों पुराने सपने को साकार किया।
मुख्यमंत्री ने परिवार से आत्मीय बातचीत कर उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाकर वास्तविक परिवर्तन लाना है।
बस्तर का पहला पीएम आवास, जहां लगा सोलर सिस्टम
इस अवसर पर एक विशेष उपलब्धि भी सामने आई। चमन लाल पवार का आवास बस्तर संभाग का पहला ऐसा प्रधानमंत्री आवास बन गया है, जहां प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापित किया गया है। इससे परिवार को आवास सुरक्षा के साथ स्वच्छ और किफायती ऊर्जा की सुविधा भी मिल रही है।
बरसात में टपकती थी छत, अब मिला सुरक्षा का एहसास
चमन लाल पवार ने बताया कि उनका परिवार वर्षों तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत टपकती थी और खराब मौसम में पूरी रात चिंता में गुजरती थी। बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर हमेशा डर बना रहता था। उन्होंने कहा कि पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और आत्मविश्वास आया है। उन्होंने कहा कि अब बारिश और आंधी-तूफान की चिंता नहीं रहती। यह घर केवल एक मकान नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीदों का प्रतीक है।
एक परिवार को कई योजनाओं का लाभ
चमन लाल का परिवार शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है। उनकी पत्नी घंसतीन बाई और बहू संगीता पवार को महतारी वंदन योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं खेती-किसानी के लिए भी विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
पीएम आवास और पीएम सूर्य घर योजना का सफल संगम
परिवार ने अपने नए घर में सोलर सिस्टम स्थापित कराया है, जिससे घरेलू बिजली की जरूरतें पूरी होने के साथ बिजली खर्च में भी कमी आई है। यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाला उदाहरण बनकर उभरा है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान चमन लाल पवार और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और पीएम सूर्य घर योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
ग्राम बड़ेकनेरा का यह परिवार इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब सरकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, तो वे केवल सुविधाएं नहीं देतीं, बल्कि जीवन में सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और नई उम्मीदों का संचार भी करती हैं।




