जांजगीर-चांपा में ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती, दो दिनों में 17 वाहन चालक पकड़े गए

यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, सभी वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू
जांजगीर चाम्पा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले दो दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 17 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जिलेभर में चलाया गया विशेष जांच अभियान
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने शिवरीनारायण, अकलतरा, बम्हनीडीह, बिर्रा, चांपा, हाथनेवरा चौक और जांजगीर के पुटपुरा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 17 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए हैं।

वाहन चालकों को न्यायालय में किया जाएगा पेश
यातायात पुलिस के अनुसार ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में पकड़े गए सभी वाहन चालकों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क दुर्घटनाएं रोकने पर फोकस
अधिकारियों का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर लोगों को जागरूक करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलेभर में यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी है।




