क्राइमजाँजगीर -चाँपा

निर्माणाधीन मकान से 4 एसी और 2 पंखे चोरी, मुलमुला पुलिस ने 24 घंटे में दो सगे भाइयों को दबोचा

CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से खुला मामला, 1.30 लाख का सामान व बाइक बरामद

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से एयर कंडीशनर और पंखों की चोरी करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चार एसी, दो सीलिंग फैन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार नरियरा निवासी राहुल अग्रवाल ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए 17 एयर कंडीशनर और 4 सीलिंग फैन रखे गए थे। 31 मई की सुबह मकान का ताला टूटा मिला और जांच करने पर चार एसी तथा दो सीलिंग फैन गायब पाए गए। चोर लगभग 1.30 लाख रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए थे।

CCTV फुटेज से मिला पहला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुलमुला में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवक की पहचान ग्राम बनाहिल निवासी अमित केंवट के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

पूछताछ में सामने आया पूरा सच

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमित केंवट अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने आने पर उसने अपने बड़े भाई अमर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

चोरी का पूरा सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11 ZE-1377 बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी

अमित केंवट (22 वर्ष)

अमर केंवट (24 वर्ष)

दोनों आरोपी बनाहिल चट्टानपारा, थाना मुलमुला के निवासी हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button