
पैसों का लालच देकर घर से ले गया था आरोपी। पुलिस की मनोवैज्ञानिक पूछताछ में हत्या का खुलासा हुआ। खेत से शव, हत्या में प्रयुक्त रापा और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
🔴 Aaj Ki Baat News | सक्ती
सक्ति पुलिस ने 13 वर्षीय कपिल कुमार केंवट हत्याकांड का 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी हेमंत कुमार केंवट (22) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर खेत में दफनाया गया बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रापा एवं अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। मामले में परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने पुत्र कपिल कुमार केंवट के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने संदेह जताया था कि गांव का हेमंत कुमार केंवट कपिल को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा।
मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए हेमंत कुमार केंवट से पूछताछ की गई। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने घटना से जुड़ी जानकारी दी।
पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ माह पहले हुए एक विवाद की जानकारी कपिल द्वारा अन्य लोगों को बताए जाने से वह उससे नाराज था। इसी रंजिश के चलते 8 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे उसने कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का लालच देकर अपने साथ बोर घर ले गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पास के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा मृतक के कपड़ों को अलग स्थान पर छिपा दिया।
खेत से शव बरामद, रापा और कपड़े जब्त
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल एवं फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर शव बरामद किया गया। शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रापा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए।
न्यायालय में किया पेश
पुलिस ने संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हेमंत कुमार केंवट के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 103(1) एवं 238 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की न्यायिक कार्रवाई की गई।



