
400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर शुरू करने की मांग
जांजगीर-चांपा। प्रदेश में बिजली की बढ़ती कीमतों, स्मार्ट मीटर के विरोध और 400 यूनिट तक ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को पुनः लागू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में इस आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
घर-घर जाकर भरवाएंगे विरोध पत्र
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि अगस्त माह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली की दरों में की गई वृद्धि के खिलाफ आम जनता से आवेदन व विरोध पत्र भरवाएंगे। यह अभियान दो महीने तक चलेगा। इसके बाद जिला बिजली दफ्तरों का घेराव कर ये आवेदन जमा किए जाएंगे। प्राप्त पावसियों के साथ प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री सह बिजली मंत्री के निवास का घेराव किया जाएगा।
भाजपा सरकार में लगातार बढ़े दाम
पत्रकार वार्ता में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू दरों में 30 से 50 पैसे, गैर-घरेलू में 20 से 40 पैसे और कृषि पंपों में 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अब तक 31.23 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए जा चुके हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों में केवल 2 पैसे की वृद्धि हुई थी और बिल हाफ योजना भी लागू थी।
अनाप-शनाप आ रहे बिजली बिल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उपभोक्ता की बिना सहमति के अनुबंध भार (Contract Load) बढ़ाया जा रहा है। स्मार्ट मीटर में अत्यधिक रीडिंग बताकर उपभोक्ताओं पर जुर्माना थोपा जा रहा है, जिससे बिल तीन से चार गुना तक आ रहे हैं। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा, नारायण सोनी, गिरधारी यादव, रफीक सिद्दीकी, नागेंद्र गुप्ता, सेवक बूटू देवांगन, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, दुर्गा कुर्रे, सुनील साधवानी, रामविलास राठौर, राजकुमार सरोज और हरीश श्रीवास सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।




