Chhattisgarh

जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 काव्य, संवेदना और हास्य से सजी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की शाम

जांजगीर-चांपा। जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने नगरवासियों को साहित्य और संस्कृति से सराबोर कर दिया। 11 से 13 फरवरी तक चल रहे इस महोत्सव की कड़ी में 12 फरवरी को हाई स्कूल मैदान जांजगीर में आयोजित कवि सम्मेलन आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ कविता के विविध रसों ने श्रोताओं को देर तक बाँधे रखा।
सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य की चुटीली अभिव्यक्तियाँ, ओज की प्रभावशाली पंक्तियाँ और श्रृंगार रस की मधुर प्रस्तुतियाँ एक साथ मंच से प्रवाहित हुईं। कवियों की रचनाओं ने कभी मुस्कान बिखेरी, तो कभी आत्मचिंतन को प्रेरित किया। काव्य-पाठ के दौरान पूरा परिसर तालियों और सराहना से गूंजता रहा।
देश के विभिन्न राज्यों से आए ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी विशिष्ट शैली में कविता पाठ किया। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कवियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को अखिल भारतीय स्वरूप प्रदान किया और साहित्यिक विविधता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।
कवि सम्मेलन में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने न केवल जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव की सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ किया, बल्कि जिले में साहित्यिक गतिविधियों के प्रति रुचि को भी नया आयाम दिया।

Related Articles

Back to top button