जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, वैज्ञानिक जांच को मिलेगी नई रफ्तार

IG रामगोपाल गर्ग और SP विजय कुमार पाण्डेय ने दिखाई हरी झंडी, घटनास्थल पर तत्काल पहुंचेगी FSL टीम

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस को अपराध अनुसंधान और वैज्ञानिक जांच के क्षेत्र में बड़ी तकनीकी सौगात मिली है। अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित मोबाइल फॉरेंसिक वैन को शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

घटनास्थल पर होगी त्वरित वैज्ञानिक जांच

कार्यक्रम के दौरान एफएसएल अधिकारी सृष्टि राय ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों का परीक्षण और विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे अपराधों की जांच में तेजी आने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचना और भी आसान होगा।

उन्होंने बताया कि वैन में अत्याधुनिक तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी सहायता से डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का मौके पर ही संकलन और विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया अधिक सटीक, प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।

आधुनिक तकनीक से लैस है फॉरेंसिक वैन

मोबाइल फॉरेंसिक वैन में सूक्ष्म साक्ष्यों, रेशों एवं कणों के परीक्षण से लेकर फिंगर प्रिंट डेवेलपमेंट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी, वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्यों की जांच तक की सुविधा उपलब्ध है।

इसके अलावा जैविक नमूनों के सुरक्षित संरक्षण, वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, बारकोड स्कैनिंग, साक्ष्य ट्रैकिंग तथा डेटा प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी इसमें शामिल की गई हैं। इससे पुलिस एवं जांच एजेंसियों को घटनास्थल पर ही तकनीकी सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी सत्यलता मिरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं एफएसएल टीम के सदस्य मौजूद रहे।

10023704314922540541428553355

Related Articles

Back to top button