national

20 जुलाई से शुरू होगा संसद का मानसून सत्र, 13 अगस्त तक चलेंगी दोनों सदनों की बैठकें

राष्ट्रपति ने सरकार की सिफारिश पर मानसून सत्र बुलाने को दी मंजूरी। कई महत्वपूर्ण विधेयकों के साथ राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा और विपक्ष के हंगामे के आसार।

🔴 Aaj Ki Baat News | नई दिल्ली

संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होकर 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें बुलाने को मंजूरी दे दी है।

राष्ट्रीय मुद्दों पर होगी चर्चा

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रीय महत्व के कई विषयों पर सार्थक चर्चा, बहस और निर्णय लिए जाएंगे। सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों को संसद में पेश करने और पारित कराने का प्रयास करेगी।

विपक्ष के तेवर रह सकते हैं तीखे

सत्र के दौरान विपक्ष NEET, शिक्षा से जुड़े मुद्दों, अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा विवाद, ग्रेट निकोबार परियोजना समेत अन्य विषयों पर सरकार को घेर सकता है। ऐसे में संसद के दोनों सदनों में तीखी बहस और हंगामे की संभावना भी जताई जा रही है।

बजट सत्र में रही थी 93 प्रतिशत उत्पादकता

इससे पहले संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से 18 अप्रैल 2026 तक चला था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अनुसार इस दौरान 31 बैठकें हुईं, 9 विधेयक पारित किए गए और सदन की कुल कार्य-उत्पादकता लगभग 93 प्रतिशत रही थी। कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर विस्तृत चर्चा भी हुई थी।

Related Articles

Back to top button