बिजली समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला का विरोध, अधिकारियों से त्वरित समाधान की मांग

जांजगीर-चांपा। क्षेत्र में बढ़ती बिजली समस्याओं को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला उपभोक्ताओं के साथ सीधे बिजली कार्यालय पहुंच गए, जहां उन्होंने अधिकारियों से तीखी चर्चा की।
इस दौरान पंकज शुक्ला ने बिजली बिल में गड़बड़ी, बार-बार हो रही कटौती और खराब व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके साथ पहुंचे लोगों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखीं और विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की।
जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता को अनावश्यक परेशान न किया जाए और लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और व्यवस्था को सुधारने के प्रयास किए जाएंगे।
बिजली संकट को लेकर लोगों में बढ़ता आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस दिशा में कितनी तेजी और प्रभावशीलता के साथ कार्रवाई करता है।




