छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपाहादसा

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, अस्पताल के सामने शव रखकर चक्का जाम

जांजगीर-चांपा। चांपा-बिर्रा मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने मुआवजे की मांग को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बम्हनीडीह के सामने मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


खेत में जा घुसी पिकअप, युवक ने तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, बनडभरा निवासी तरुण बंजारे (22) पिता रामरतन बंजारे बुधवार को अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बम्हनीडीह के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी, वहीं बाइक के परखच्चे उड़ गए।


अस्पताल में घोषित किया मृत
घटना की सूचना पर तत्काल पहुंची बम्हनीडीह पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तरुण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और भीम आर्मी के कार्यकर्ता अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
प्रशासनिक रवैये और सड़क सुरक्षा को लेकर नाराज परिजनों ने अस्पताल के सामने ही शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि: मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। फरार पिकअप चालक के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। मौके पर तैनात पुलिस बल प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button