मिक्सर मशीन को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; शांति भंग की आशंका पर 5 लोगों पर कार्रवाई

छत ढलाई के लिए मिक्सर मशीन ले जाने की बात पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर पांच लोगों को न्यायालय में पेश किया।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत ग्राम पिपरसत्ती में मिक्सर मशीन को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में कई लोगों को चोटें आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांच लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
मिक्सर मशीन बनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरसत्ती निवासी कन्हैयालाल पुरहोले (41 वर्ष) और सुरेंद्र कुमार (33 वर्ष) के बीच छत ढलाई के लिए मिक्सर मशीन ले जाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट की घटना हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पहले भी दर्ज हो चुका था मामला
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत पर पहले ही अपराध दर्ज किया जा चुका था। पूर्व में भी पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाइश दी गई थी तथा तहसील न्यायालय के माध्यम से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद पुनः विवाद उत्पन्न हो गया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
9 जून को दोबारा विवाद की सूचना मिलने पर कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया।
न्यायालय ने किया बाउंड ओवर
पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को तहसील न्यायालय अकलतरा में प्रस्तुत किया, जहां न्यायालय ने सभी को अधिकतम राशि से बाउंड ओवर करते हुए भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्रवाई में कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद जाटवर, प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज, जितेश कुमार, राजेंद्र राठौर, आरक्षक दुग्गा तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




