जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर की तनिषा अग्रवाल ने रचा इतिहास, प्रदेश स्तरीय गीता प्रतियोगिता में बनीं ‘ओवरऑल टॉपर’


जांजगीर-चाम्पा। संस्कारधानी छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘भगवद्गीता वैल्यू एजुकेशन कॉन्टेस्ट’ में जांजगीर-नैला की होनहार छात्रा तनिषा अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। अर्पा वैली इंटरनेशनल स्कूल, मस्तूरी (बिलासपुर) की छात्रा तनिषा ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘ओवरऑल टॉपर’ बनने का गौरव हासिल किया है।


3000 प्रतिभागियों को पछाड़कर पाया प्रथम स्थान
इस वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 58 से अधिक विद्यालयों के लगभग 6,000 विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई थी, जिनमें से 3,000 छात्र आधिकारिक रूप से पंजीकृत हुए। इतने कड़े मुकाबले और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच तनिषा अग्रवाल ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर वृंदावन भक्ति कुटीर और अपने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।


भक्ति और शिक्षा का अद्भुत समन्वय
तनिषा की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ गहरी आध्यात्मिक निष्ठा भी है। वे प्रतिदिन नियमपूर्वक हरे कृष्ण महामंत्र की 16 माला का जप करती हैं। अपनी आध्यात्मिक साधना और अध्ययन के प्रति उनके इसी असाधारण समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान तनिषा ने जब अपने अनुभव साझा किए, तो उनकी प्रेरणादायक और हृदयस्पर्शी प्रतिक्रिया ने वहां मौजूद सैकड़ों अभिभावकों और विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


मार्गदर्शकों का जताया आभार
तनिषा की इस सफलता पर वृंदावन भक्ति कुटीर के कांग्रेगेशन लीडर्स और यूथ लीडर्स का आभार व्यक्त किया गया है, जिनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से युवाओं में उच्च मानवीय मूल्यों और सुंदर संस्कारों का विकास हो रहा है। जिले के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने तनिषा अग्रवाल को इस गौरवशाली उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button