छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र भाविक द्विवेदी हुए सम्मानित

राज्यपाल व मुख्यमंत्री के हाथों मिला पं. दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना का सम्मान

जांजगीर चाम्पा। लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल चांपा के होनहार छात्र भाविक द्विवेदी ने जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। भाविक द्विवेदी को राजधानी स्थित राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के करकमलों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदान किया जाता है, जिसमें बोर्ड परीक्षा की प्रवीण सूची (टॉप-10) में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है।


गौरतलब है कि चांपा नगर से केवल लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के एकमात्र विद्यार्थी भाविक द्विवेदी को यह गौरव प्राप्त हुआ। सम्मान के तहत भाविक को प्रशस्ति पत्र, शील्ड के साथ-साथ 1.50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश के शिक्षा मंत्री देवेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ शासन एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के सचिवगण उपस्थित रहे।


संस्था के चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 की प्रवीण सूची में चयनित सभी विद्यार्थियों को इस समारोह में सम्मानित किया गया। लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र भाविक द्विवेदी, पिता नारायण राम नारायण द्विवेदी, कक्षा दसवीं ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।


यह सम्मान न केवल भाविक बल्कि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। जिले में बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 15 विशेषज्ञ शिक्षकों की टीम गठित की गई है, जो विद्यार्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन प्रदान कर रही है।

Related Articles

Back to top button