क्राइमजाँजगीर -चाँपा

खेत गिरवी रखने के नाम पर 3 लाख की ठगी: मुलमुला पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

जांजगीर-चांपा। जमीन गिरवी रखने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल महिला से पैसे हड़पे, बल्कि उसे बताए बिना जमीन किसी और को बेच दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


क्या है पूरा मामला?
बिलासपुर जिले के मस्तूरी की रहने वाली प्रार्थिया भूरी बाई कुर्रे ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया की बहन (ग्राम कोसा निवासी) ने बताया था कि गांव का राजालाल बर्मन (36 वर्ष) घरेलू खर्च के लिए अपनी 1.829 हेक्टेयर भूमि गिरवी रखना चाहता है। आरोपी की बातों में आकर भूरी बाई ने 26 फरवरी 2024 को पामगढ़ तहसील में 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी कराकर उसे 3 लाख रुपये नगद दे दिए। अनुबंध के अनुसार, जब तक राशि वापस नहीं होती, प्रार्थिया उस भूमि पर कृषि कार्य करने वाली थी।


धोखाधड़ी का ऐसे हुआ खुलासा
प्रार्थिया कुछ समय तक उस खेत में खेती करती रही, लेकिन जब दोबारा बोआई का मौसम आया, तो आरोपी राजालाल ने न तो पैसे वापस किए और न ही उसे खेत में काम करने दिया। जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने धोखे से वह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर दी है। जब प्रार्थिया ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा और टालमटोल करने लगा।


पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना प्रभारी पारस पटेल और उनकी टीम ने त्वरित कार्यवाही की। आरोपी राजालाल बर्मन को 26 फरवरी 2026 को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2,000 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button